टीकमगढ़ कलेक्टर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया:एक सप्ताह में ओपीडी शुरू करने के निर्देश, गर्भवती महिलाओं ने बताईं कमियां

टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय ने बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित ओपीडी भवन के निर्माण कार्य का जायजा लिया और एक सप्ताह में अधूरे काम पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं ने भोजन और सुविधाओं में कमी की शिकायत की। कलेक्टर श्रोतिय ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को हिदायत दी कि अगले बुधवार तक ओपीडी के सभी काम पूरे हो जाने चाहिए। उन्होंने सिविल सर्जन को ओपीडी और प्राइवेट रूम जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। पिछले महीने भी कलेक्टर ने अस्पताल का निरीक्षण कर 15 दिन में ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए थे, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका था। इसके बाद कलेक्टर ने रसोई और डिलीवरी वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रसोई का स्टॉक और मीनू रजिस्टर मांगा, लेकिन ठेकेदार रजिस्टर लेकर मौके से नदारद हो गया। डिलीवरी वार्ड में कलेक्टर ने भर्ती महिलाओं से दूध, बिस्किट, भोजन और लड्डू वितरण के बारे में पूछताछ की। महिलाओं ने बताया कि उन्हें लड्डू नहीं मिलते हैं, दूध केवल एक समय दिया जाता है और भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं है। कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला और अस्पताल प्रबंधक अंकुर साहू को निर्देश दिए कि भोजन वितरण कर रहे ठेकेदार से गुणवत्ता में सुधार कराया जाए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को दोनों समय दूध और लड्डू वितरण सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *