बिजुरी थाना पुलिस ने बकरी चराने को लेकर हुए एक हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 16 दिसंबर को की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जमीन विवाद के चलते बुजुर्ग व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी थी। मामले में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पुलिस को 15 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे ग्राम कोठी में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बिजुरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मौके पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मृतक की पहचान अब्दुल आजाद (75 वर्ष), पिता जब्बार बख्श, निवासी ग्राम कोठी के रूप में हुई। प्रारंभिक तौर पर हत्या के आरोपी का पता नहीं चलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया बकरी चराने का विवाद पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक अब्दुल आजाद अक्सर अपनी बकरियों को गांव के ही निवासी आरोपी की बाड़ी वाली जमीन में चराने ले जाया करते थे। इस बात को लेकर मृतक और आरोपी के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। 15 दिसंबर की शाम करीब 4:40 बजे भी अब्दुल आजाद अपनी बकरियां आरोपी की जमीन में ले गए थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। कुल्हाड़ी से सिर पर किया हमला विवाद के दौरान आरोपी राजू पाव (28 वर्ष), पिता जग्गू पाव, निवासी ग्राम कोठी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी के पांसे से अब्दुल आजाद के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से अब्दुल आजाद की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 दिसंबर को आरोपी राजू पाव को ग्राम कोठी से हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


