नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार सुबह स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, शिकायतों के निराकरण और फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की स्थिति की गहन समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर आयुक्त ने कचरा प्रबंधन का कार्य कर रही कंपनी सीटाडेल के प्रबंधन और स्वच्छता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिकायतों में लापरवाही पर सख्त रुख समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई वार्डों में स्वच्छता से संबंधित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं किया गया। इस पर आयुक्त सविता प्रधान ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक शौचालयों के तत्काल निरीक्षण के निर्देश बैठक में आयुक्त ने सभी सार्वजनिक शौचालयों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता से जुड़े कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हेतु मांग पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने को भी कहा गया। रंगाई-पुताई और नियमित रख-रखाव पर जोर आयुक्त ने रैन बसेरा, सार्वजनिक शौचालय, सड़क डिवाइडर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थल स्वच्छ और व्यवस्थित दिखने चाहिए। पॉलिथीन प्रतिबंध और दो डस्टबिन अनिवार्य स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आयुक्त ने पॉलिथीन प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक दुकान पर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए दो डस्टबिन अनिवार्य करने हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा। वार्डवार सफाई और कीटनाशक छिड़काव वार्डवार सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने गलियों और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ कीटनाशक दवाओं का छिड़काव नियमित रूप से करने के निर्देश दिए, ताकि मच्छरों और बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके। फील्ड में जाकर हकीकत जानने के निर्देश शहर की स्वच्छता की जमीनी स्थिति जानने के लिए आयुक्त सविता प्रधान ने अधिकारियों और स्वास्थ्य अमले को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद इस समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी बीएल चतुर्वेदी सहित अन्य स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।


