रायपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन…भाजपा कार्यालय की ओर कूच:नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर सड़कों पर उतरे, कांग्रेस विधायकों के पहुंचते ही प्रदर्शन की शुरुआत

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। पंडरी इलाके में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इकट्ठा हो चुके हैं। विधानसभा से कांग्रेस विधायकों के पहुंचते ही प्रदर्शन की शुरुआत की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता नारेबाजी करते हुए भाजपा के एकात्म परिसर की ओर बढ़ेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारे लगा रहे हैं। यह प्रदर्शन नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि नेशनल हेराल्ड प्रकरण में राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की जा रही है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल तैनात है और प्रदर्शनकारियों पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। क्या है नेशनल हेराल्ड केस BJP नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 में दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में एक याचिका दाखिल करते हुए सोनिया, राहुल और कांग्रेस के ही मोतीलाल वोरा, ऑस्कर फर्नांडीज, सैम पित्रोदा और सुमन दुबे पर घाटे में चल रहे नेशनल हेराल्ड अखबार को धोखाधड़ी और पैसों की हेराफेरी के जरिए हड़पने का आरोप लगाया था। आरोप के मुताबिक, कांग्रेसी नेताओं ने नेशनल हेराल्ड की संपत्तियों पर कब्जे के लिए यंग इंडियन लिमिटेड ऑर्गेनाइजेशन नाम की संस्था बनाई, जिसकी अधिकतर हिस्सेदारी गांधी परिवार के पास है। यंग इंडियन के जरिए नेशनल हेराल्ड का प्रकाशन करने वाली AJL का अवैध अधिग्रहण कर लिया। स्वामी का आरोप था कि ये सब दिल्ली के बहादुर शाह जफर मार्ग स्थित हेराल्ड हाउस की ₹2000 करोड़ की बिल्डिंग पर कब्जा करने के लिए किया गया था। आरोप है मुताबिक, ₹2000 करोड़ की कंपनी को केवल ₹50 लाख में खरीदा गया। सुब्रमण्यम स्वामी ने सोनिया, राहुल समेत केस से जुड़े कांग्रेस के अन्य नेताओं के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की थी। आरोपियों में से मोतीलाल वोरा और ऑस्कर फर्नांडीज की अब मौत हो चुकी है। ED दोबारा चार्जशीट दाखिल करेगा ED ने इस मामले में दोबारा चार्जशीट दाखिल करने की बात कही है। ED सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट ने यह फैसला तकनीकी आधार पर दिया है। उसने मामले के मैरिट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने इस मामले में नई FIR दर्ज कर ली है, लेकिन ED भी अपनी जांच जारी रखेगा। दिल्ली पुलिस जैसे ही अपनी कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी, ED दोबारा चार्जशीट दाखिल करेगा। साल 2022: सोनिया-राहुल से घंटों पूछताछ हुई थी नेशनल हेराल्ड मामले में ED ने साल 2022 में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अपने दफ्तर कई बार बुलाकर पूछताछ की है। ED ने 13 जून 2022 से 17 जून 2022 तक राहुल से लगातार 5 दिनों तक, कई चरणों में करीब 50 घंटे पूछताछ की थी। सोनिया गांधी से 21 जुलाई 2022 से पूछताछ शुरू हुई। 3 दिन के दौरा, कई चरणों में 12 घंटे पूछताछ हुई थी। ED ने इस दौरान उनसे 100 से ज्यादा सवाल किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *