भरतपुर में एक दबंग ने रास्ते चलती महिला से 2500 रुपए छीन लिए। विरोध किया तो उस पर थप्पड़ बरसाए। बचाव में आए परिवार को भी पीटा। सभी को हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। उन्हें खाना देकर लौट रहे व्यक्ति के दबंग ने हाथ-पैर तोड़ डाले। मामला जिले के चिकसाना थाना इलाके के नगला बरेला गांव का है। घटना गुरुवार सुबह 9 बजे हुई। दबंग ने परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। हमले में परिवार के 4 सदस्य घायल हो गए। एक ही हालत गंभीर है। भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल में सभी का इलाज चल रहा है। नगला बरेला गांव निवासी महिला अनिता के पति दिनेश ने चिकसाना थाना में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। रिपोर्ट में दिनेश ने बताया- गुरुवार सुबह 9 बजे मेरी पत्नी अनीता गांव में ही रहने वाले सुनील से मजदूरी के पैसे लेकर लौट रही थी। रास्ते में उसे आरोपी देवा ने रोक लिया। देवा ने अनिता से पैसे मांगे। मना किया तो देवा उसे गालियां देने लगा और थप्पड़ बरसा दिए। उसने अनिता से 2500 रुपए छीन लिए। मारपीट में अनिता के चेहरे पर चोट आई। अनिता ने घर पहुंचकर परिजन को घटना के बारे में बताया। पति दिनेश और परिवार के लोग देवा के घर जा रहे थे तो रास्ते में देवा और परिवार के लोग हाथ में लाठी-डंडे और अन्य हथियार लिए मिले। उन्होंने हमला कर दिया जिसमें दिनेश पक्ष के राजकुमार, विपिन, महेंद्र को गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद देवा और उसके परिजन मौके से फरार हो गए। खाना देने हॉस्पिटल गए सदस्य के हाथ-पैर तोड़े इस हमले में घायल हुए परिवार के सदस्यों का आरबीएम हॉस्पिटल भर्ती कराया गया। गुरुवार दोपहर को परिजन को हॉस्पिटल में खाना देकर लौट रहे सदस्य सुभाष को देवा ने अपने साथियों के साथ रास्ते में रोक लिया। सुभाष को महाराजा सूरजमल कॉलेज के सामने पकड़ कर देवा और उसके साथियों ने बेरहमी से पीटा। उसने सुभाष के दोनों हाथ और दोनों पैर तोड़ दिए। सुभाष ने खुद एम्बुलेंस को फोन किया। उसे भी आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।


