ईदगाह से चौराहे से बुच्याणी तक बार-बार लगने वाले जाम से लोगों को अब जल्द राहत मिलेगी। क्योंकि अब नगर परिषद इस सड़क को 40 फीट चौड़ा करने जा रहा है। ऐसे में दोनों तरफ लोगों ने जो अतिक्रमण किया हुआ है उसे तोड़ा जाएगा। आज अतिक्रमण की मार्किंग की गई है। अब नोटिस देने के बाद अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई होगी। दरअसल सड़क के दोनों तरफ 20-20 फीट एरिया में जो भी अतिक्रमण है उसे आज मार्क किया गया है। नगर परिषद के AEN वाजिद अहमद ने बताया कि नगर परिषद का ईदगाह चौराहे से बुच्याणी तक सड़क को 40 फीट चौड़ा करने का प्लान है। इस संबंध में पहले लोगों को आपत्ति दर्ज करवाने के लिए सूचना दी गई थी। इसके बाद आज अतिक्रमण को मार्क कर दिया गया है। अब नोटिस देने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अतिक्रमण को तोड़ा जाएगा। बता दें कि ईदगाह चौराहे से बुच्याणी का एरिया आबादी इलाका है। लेकिन वर्तमान में यहां कई जगह तो सड़क की चौड़ाई केवल 20 से 25 फीट तक है। इस पर भी लोग सड़क के दोनों तरफ अपनी बाइक खड़ी कर देते हैं। जिससे बार-बार में यहां जाम लगता है। कई दुकानदारों ने यहां बाहर टेबल लगाकर भी अतिक्रमण किया हुआ है। कई बार तो ऐसा भी देखा गया कि जब किसी की अंतिम यात्रा को बुच्याणी ले जाया जाता है तो वह लोग भी जाम में फंस जाते हैं।


