दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और झारखंड एटीएस की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कामयाबी हासिल की। रांची के चान्हों ब्लॉक से अलकायदा (एक्यूआईएस) के एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान शाहबाज अंसारी के रूप में की गई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली स्पेशल सेल ने कांड संख्या 301/24 के आरोपी शाहबाज अंसारी को झारखंड पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। अब संदिग्ध को पुलिस रिमांड पर लेकर स्पेशल सेल की टीम दिल्ली ले जाने की तैयारी में है। 9 संदिग्ध की हुई थी गिरफ्तारी
पांच माह पूर्व झारखंड एटीएस ने दिल्ली पुलिस के साथ रांची, हजारीबाग और लोहरदगा में 16 जगहों पर छापेमारी की थी। इसके बाद 9 संदिग्धों को पकड़ा था। इसमें रांची के मेडिका अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत डॉ. इश्तियाक अहमद को भी ATS ने पकड़ा था। रांची के जोड़ा तालाब स्थित अपार्टमेंट से पकड़ा गया डॉ. इश्तियाक 6 साल से रेडियोलॉजिस्ट के पद पर था। सूत्रों के अनुसार, डॉ. इश्तियाक अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट आतंकी संगठन का मास्टरमाइंड है। वह भारत को इस्लामिक स्टेट बनाने का मंसूबा रच रहा था। एटीएस ने चान्हो के 6 स्थानों में भी दबिश दी थी। 4 लोगों को हिरासत में लिया था। हिरासत में लिए गए लोगों में बलसोकरा का मो. मोदब्बीर, मो. रिजवान, चटवल का मफ्ती रहमतुल्लाह मजहिरी और पिपराटोली का मतिउर रहमान शामिल है। वहीं एनामुल अंसारी और शहबाज घर में नहीं मिले थे।


