पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने दावा किया है कि जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने क्लीन स्वीप किया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को इस क्षेत्र में करारी हार का सामना करना पड़ा है। चन्नी ने बताया कि चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली चमकौर साहिब और मोरिंडा ब्लॉक समितियों में कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिली है। चमकौर साहिब ब्लॉक समिति की सभी 15 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार आगे हैं। मोरिंडा में 16 में से 8 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिनमें सभी पर कांग्रेस को जीत मिली है। विधानसभा क्षेत्र के तीनों जिला परिषद जोनों में भी कांग्रेस उम्मीदवार बड़े अंतर से आगे चल रहे हैं। एक जोन में लगभग 4000 वोट, दूसरे में 2751 वोट और तीसरे जोन में करीब 1200 वोटों की बढ़त दर्ज की गई है। नवां शहर में कांग्रेस का कब्जा चन्नी ने यह भी बताया कि नवांशहर जिले में कांग्रेस ने जिला परिषद पर कब्जा कर लिया है। नवांशहर और बलाचौर की ब्लॉक समितियों में भी कांग्रेस को बढ़त मिली है। इसके अतिरिक्त, जालंधर जिले के शाहकोट और नकोदर में भी दोनों ब्लॉक समितियों में कांग्रेस चेयरमैन बनाने की तैयारी में है। आप सरकार से तंग आ चुकी है जनता चन्नी ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान कुछ स्थानों पर सरकारी दबाव बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों और प्रशासनिक अधिकारियों की सतर्कता के कारण निष्पक्ष मतगणना संभव हो सकी। उन्होंने अधिकारियों का धन्यवाद किया और कहा कि जनता अब आम आदमी पार्टी की नीतियों से तंग आ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता सरकार को करारा जवाब देगी।


