वाहन 112 के ड्राइवर पर फायरिंग का एक आरोपी गिरफ्तार:दूसरा जेल में बंद, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान

पुलिस ने 112 वाहन के ड्राइवर पर हुई फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरे को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया जाएगा। एसपी ने बताया कि यह घटना 9 दिसंबर 2025 को रात्रि गश्त के दौरान हुई थी। बिजयनगर पुलिस थाने का वाहन 112 का ड्राइवर सीताराम बरल रोड स्थित पुलिया के पास पहुंचे थे। वहां अंधेरे में सड़क किनारे बैठे दो संदिग्ध व्यक्तियों ने पूछताछ करने पर ड्राइवर पर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मामला तहत दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने घटनास्थल के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की गई और उनके संभावित ठिकानों पर दबिशें दी गईं। कार्रवाई के दौरान सूरज सिंह (25) पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी नाड़ी मोहल्ला, गुलाबपुरा, जिला भीलवाड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में दूसरा आरोपी सुरेन्द्र सिंह उर्फ ज्ञान सिंह है। वह पूर्व में भी पुलिस पर फायरिंग के एक अन्य मामले में फरार रहा था और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसे कारागृह से वारंट पर प्राप्त कर इस प्रकरण में आगे की जांच करेगी। पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान जारी है। आरोपियों के नेटवर्क और हथियार की आपूर्ति से जुड़े पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *