ब्यावर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी का पुतला फूंका:ED के कथित दुरुपयोग और सोनिया-राहुल पर कार्रवाई का विरोध

ब्यावर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के कथित दुरुपयोग के विरोध में चांग गेट (गांधी सर्किल) पर प्रदर्शन किया। यह विरोध सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष किशोर चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ED और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस सत्य और संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। पूर्व विधायक राकेश पारीक ने इस कार्रवाई को पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। पूर्व विधायक हंगामी लाल मेवाड़ा ने आरोप लगाया कि ED अब स्वतंत्र एजेंसी नहीं रही, बल्कि भाजपा का राजनीतिक हथियार बन चुकी है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक स्थिति बताया। कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की साख को नुकसान पहुंचाकर भाजपा तानाशाही मानसिकता का परिचय दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस इसे कभी सफल नहीं होने देगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज चौहान ने कहा कि ED की कार्रवाई कानून से परे है और विपक्ष को डराने की यह कोशिश पूरी तरह विफल होगी। दिनेश शर्मा ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क से संसद तक इस अन्याय के खिलाफ संघर्ष करेंगे। राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव भुवनेश शर्मा ने ‘सत्यमेव जयते’ के पोस्टर वितरित करते हुए कहा कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता और युवा कांग्रेस राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक, कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और ED के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई तथा चेतावनी दी गई कि यदि राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक रांका ने बाहर से आए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन पार्टी प्रवक्ता राजेन्द्र तुनगरिया ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *