आरपीएफ ने यात्री का छूटा बैग बरामद किया:’ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्री को 75 हजार का सामान सुरक्षित लौटाया

कोडरमा आरपीएफ ने ‘ऑपरेशन अमानत’ अभियान के तहत एक यात्री का ट्रेन में छूटा हुआ कीमती सामान से भरा बैग बरामद कर उसे सकुशल लौटा दिया है। बैग में रखे सामान की अनुमानित कीमत लगभग 75 हजार रुपए बताई गई है। यात्री ने आरपीएफ की तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। यह घटना 16 दिसंबर की रात की है, जब कोडरमा आरपीएफ को ‘रेल मदद’ के माध्यम से सूचना मिली। सूचना में बताया गया कि ट्रेन संख्या 13010 (देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस) में यात्रा कर रहे एक यात्री का कीमती सामान से भरा बैग ट्रेन में ही छूट गया है। आरपीएफ जवानों ने बैग को पहाड़पुर स्टेशन पर जमा कर दिया सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। जैसे ही ट्रेन पहाड़पुर स्टेशन पहुंची, आरपीएफ के जवान संबंधित बोगी में पहुंचे। जांच के दौरान उन्हें वहां एक बैग मिला। कंपार्टमेंट में मौजूद अन्य यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने बैग को पहाड़पुर स्टेशन पर जमा कर दिया। बुधवार की सुबह, बैग के शिकायतकर्ता सागर गुप्ता (पिता विकास कुमार) एक आवेदन पत्र के साथ अपना बैग लेने आरपीएफ आउट पोस्ट पहाड़पुर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वे 13010 दून एक्सप्रेस में बनारस से गया तक की यात्रा कर रहे थे। गया स्टेशन पर जल्दबाजी में उतरते समय उनका एक छोटा बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसके बाद उन्होंने रेल मदद पर इसकी सूचना दी थी। पहाड़पुर स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षी एन.के. नीरज ने यात्री के आधार कार्ड का सत्यापन किया। इसके बाद यात्री के सामने छूटा हुआ बैग रखा गया। सागर गुप्ता ने बैग की पहचान की और अपने सामान का मिलान किया, जिसे उन्होंने सही सलामत पाया। सागर गुप्ता ने आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने के बाद वे अपने घर लौट गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *