नीमच जिला मुख्यालय के समीप सकराना बस स्टैंड पर एक महिला पर चाकू से हमला किया गया। दरअसल, वह बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान आरोपी राकेश चंदेल निवासी जावद ने जानलेवा हमला किया। घटना बुधवार दोपहर की है। बचाव में हाथ आगे करने पर चाकू से किए दो वार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने यशोदा की गर्दन पर वार करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने बचाव में अपना हाथ आगे कर दिया। इससे उसके हाथ पर चाकू के दो गहरे घाव लगे। मौके पर मौजूद भीड़ ने बीच-बचाव कर महिला को बचाया। डायल 100 और 108 की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी के साथ लिव इन में रहती थी महिला पीड़िता यशोदा शर्मा मूलतः निंबाहेड़ा की रहने वाली हैं। वर्तमान वह में नीमच में रहती हैं। उन्होंने बताया कि वह आरोपी राकेश के साथ पिछले 14 सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में थीं, लेकिन पिछले तीन साल से वे अलग रह रही थीं। राकेश महिला पर लगातार साथ रहने का दबाव बना रहा था और धमकियां दे रहा था। पुलिस पर शिकायत को गंभीरता से न लेने का आरोप पीड़िता ने बताया कि उन्होंने राकेश की धमकियों की शिकायत कई बार केंट पुलिस थाने में की थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और उन्हें यह कहकर टाल दिया कि आरोपी अपनी सुरक्षा के लिए चाकू लेकर घूमता है। पुलिस ने धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनने के बाद भी आरोपी का वीडियो बनाने की सलाह दी थी। पुलिस ने आरोपी राकेश चंदेल को हिरासत में ले लिया है। वारदात के दौरान उसे भी मामूली चोटें आई हैं। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।


