घंटाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार रात को हुई आगजनी में नवजात शिशुओं के लिए आवश्यक मेडिकल सामग्री जलकर राख हो गई। ग्रामीणों और मरीजों के परिजनों ने नशे की हालत में डॉक्टर और स्टाफ पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घाटोल विधायक नानालाल निनामा ने स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ से संपर्क कर डॉक्टर को तत्काल हटाने की मांग की है। महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि घटना से एक दिन पहले ही महिला नर्स सुगना ने बीसीएमओ पीपलखूंट को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भरत द्वारा धमकी और डॉक्टर द्वारा परेशान किए जाने की लिखित शिकायत की थी। हालांकि, डॉक्टर जितेंद्र का कहना है कि घटना के समय वे सरकारी क्वार्टर में थे और उन्हें आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।


