करौली में ई-मित्र प्लस ऑपरेटर संघ ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संघ की मुख्य मांग है कि राज्य सरकार द्वारा की जाने वाली 11 हजार अटल प्रेरकों की भर्ती में उन्हें प्राथमिकता दी जाए। भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर ने बताया कि ये ऑपरेटर पिछले 8 वर्षों से राजीव गांधी सेवा केंद्र और अटल सेवा केंद्रों पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने सबसे पहले प्रत्येक ग्राम पंचायत में इन ऑपरेटरों की नियुक्ति की थी। ऑपरेटरों का तर्क है कि उन्हें न केवल कंप्यूटर का ज्ञान है, बल्कि आमजन की सेवा का लंबा अनुभव भी है। चूंकि सरकार हर ग्राम पंचायत में अटल प्रेरकों की नियुक्ति करने जा रही है, इसलिए मौजूदा ई-मित्र प्लस ऑपरेटरों को इस भर्ती में वरीयता मिलनी चाहिए। इस मांग को लेकर वे पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं।


