राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन (आरसीडीएफ) ने अपने से अटैच प्रदेश के सभी 24 जिला दुग्ध संघों में दूध जांच के लिए अभियान की शुरूआत की है। दूध का दूध और पानी का पानी अभियान के तहत जयपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग शहरों में अलग-अलग जगहों पर मोबाइल वैन और कैंप लगाकर दूध की जांच की गई। जयपुर में आज 5 जगहों पर कैंप लगाकर दूध की जांच की गई और ये अभियान 30 जनवरी तक चलेगा। आरसीडीएफ एमडी श्रुति भारद्वाज के आदेश पर शुरू किए इस अभियान के तहत आज जयपुर शहर में 5 जगहों पर कैंप लगाकर दूध की जांच की गई। मालवीय नगर स्थित करधनी शॉपिंग सेंटर, एनआरआई सर्किल प्रताप नगर, वीटी रोड मानसरोवर, प्रेम नगर पुलिया आगरा रोड और जवाहर नगर डेयरी बूथ नं. 8116 पर मशीनें लगाकर दूध की जांच की गई। इस जांच के तहत दूध में फैट, पानी की मात्रा के अलावा दूध में कोई मिलावट है या नहीं इसकी जांच कर आमजन को बताई जा रही है। कच्चा दूध लाकर करवा सकते है जांच डेयरी के अधिकारियों के मुताबिक कोई भी व्यक्ति इन कैंप में आकर अपने घर आने वाले दूध की जांच करवा सकते है। ये कैंप 30 जनवरी तक सुबह 7.30 से 10 बजे तक चलाए जाएंगे। इन कैंप के अलावा जयपुर डेयरी के प्लांट में भी आकर आमजन अपने घर आने वाले दूध की जांच करवा सकते है। जांच के लिए दूध का सैंपल कच्चा लाना होगा यानी दूध उबाला हुआ नहीं होना चाहिए। इन जगहों पर होगी जांच 11 जनवरी : रजत पथ, नगर निगम रोड लालकोठी, एजी कॉलोनी बजाज नगर, कांटा चौराहा झोटवाड़ा, राठौड़ नगर वैशाली नगर। 12 जनवरी : ईएसआई हॉस्पिटल सोडाला, सुभाष चौक, छोटी चौपड़ बूथ नंबर 22, घाटगेट और पत्रकार कॉलोनी मानसरोवर।


