जवाजा ब्लॉक के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. धर्मेश आर्य की पुनः पदस्थापना का कड़ा विरोध किया है। कर्मचारियों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर ब्यावर को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपा है, जिसमें अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटाने की मांग की गई है। शिकायत पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि डॉ. धर्मेश आर्य ने न्यायालय के आदेश पर एपीओ से बहाल होकर पुनः ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यभार संभाला है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके नेतृत्व में कार्य करना असंभव हो गया है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि डॉ. आर्य ने अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान पद का दुरुपयोग किया, कर्मचारियों के साथ असंवेदनशील और दुर्व्यवहार पूर्ण रवैया अपनाया तथा भ्रष्टाचार पूर्ण तरीके से अधिकारों का प्रयोग किया। स्वास्थ्य कर्मियों के अनुसार, अधिकारी के व्यवहार के कारण कर्मचारियों में भय और असंतोष का माहौल है। इससे कर्मचारियों का मनोबल गिरा है और जनस्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि उनका डॉ. आर्य के प्रति विश्वास समाप्त हो चुका है और वे उनके अधीन कार्य करने को तैयार नहीं हैं। शिकायत पत्र में जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करने और डॉ. धर्मेश आर्य को ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जवाजा के पद से हटाने की मांग की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे हड़ताल और कार्य बहिष्कार जैसे कदम उठाने को विवश होंगे, जिससे आमजन को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित होंगी। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर से इस मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित निर्णय लेने की अपील की है।


