प्राइवेट बस के ड्राइवर ने दी पेट्रोलपंप फूंकने की धमकी:गुस्साए पेट्रोल पंप संचालकों ने की तीन घंटे हड़ताल,पुलिस की समझाइश पर माने

एक प्राइवेट बस के ड्राइवर-कंडक्टर द्वारा आग लगा कर पेट्रोल पम्प फूंकने की धमकी देने के बाद गुस्साए दूसरे पेट्रोल पंप संचालक हड़ताल पर चले गए।पेट्रोलपंप के सामने से डेली बसों और ऑटो रिक्शा के सवारियां लेने के लिए खड़े करने की मना करने से बस ड्राइवर-कंडक्टर ने पेट्रोल पम्प में आग लगाकर उड़ाने की धमकी देने के बाद विवाद बढ़ गया। पेट्रोल पंप को फूंकने की धमकी से गुस्साए शहर के पेट्रोल पंप संचालकों ने शुक्रवार शाम को करीब दो से तीन घंटे तक पंप बंद कर दिए। इस दौरान आमजन को पेट्रोल भरवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक पम्प बन्द कर रखने का आह्वान किया बाद में पुलिस द्वारा कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद वे माने और पम्प फिर से शुरू हुए। मामला शहर में ट्रैफिक थाने और रेलवे फाटक के पास स्थित छगनलाल बख्तावरमल पेट्रोल पंप का है। पम्प संचालक अशोक मूंदड़ा ने उनके पंप के सामने बसें खड़ी करने से मना किया। इस पर एक प्राइवेट बस के ड्राइवर-कंडक्टर ने धमकी दी कि वे केवल सवारियां लेने के लिए एक-दो मिनट के लिए रुकते हैं। उनको रोकने की कोशिश की तो पेट्रोल पंप को ही आग लगा देंगे। इस पर पंप एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विरोध और आक्रोश जताते हुए शहर के पेट्रोल पंप बंद करने का आह्वान कर दिया। इसके बाद शाम करीब 6 बजे के बाद कुछ देर में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंप बंद हो गए।सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीआई गजेन्द्रसिंह ने पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधकारियों से समझाइश की। थाने में रिपोर्ट देने और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शहर के पेट्रोल पंप रात 9 बजे बाद खुल गए। पेट्रोल पंप के सामने बस ऑटो रोककर लेते है सवारियां चित्तौड़गढ़, उदयपुर, निम्बाहेड़ा रूट और हमीरगढ़ क्षेत्र में जाने वाली रोडवेज, निजी और ट्रैवल्स बसों के अलावा ऑटो रिक्शा, टैंपो आदि रेलवे फाटक, ट्रैफिक थाने से लेकर पेट्रोल पंप के सामने तक एक-दो मिनट के लिए रूककर सवारिया लेते हैं। इसको लेकर कई बार पेट्रोल पंप संचालक ने आपत्ति जताई कि बसों-ऑटो के रूकने से उसका व्यवसाय प्रभावित होता है। इस बात पर पहले भी कई बार बहस हो चुकी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *