लुधियाना के बीआरएस नगर स्थित शीतला माता मंदिर में 3 दिन पहले हुई चोरी के मामले में आज लोगों ने प्रदर्शन किया। चोरों ने मंदिर से करीब 40 किलो चांदी के गहने चुरा लिए, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपए है। सीसीटीवी में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के साथ मंदिर से निकलते हुए दिखाई दिए। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अशोक सच्चर के अनुसार, चोरों ने मंदिर में स्थापित मूर्तियों से सभी चांदी के गहने चुरा लिए। शुक्रवार को शिवसेना नेता राजीव टंडन की अगुवाई में मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। टंडन ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है, जहां अब भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं है। डीसीपी शुभम अगरवाल ने आश्वासन दिया कि पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।


