बिजयनगर पुलिस ने पोस्ट ऑफिस की राशि के गबन के आरोप में एक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व वृत्ताधिकारी मसूदा के सुपरविजन में की गई। बिजयनगर थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि 19 नवंबर 2025 को पोस्ट ऑफिस निरीक्षक विजय सिंह राजपूत ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें शाखा डाकघर हनूतिया के डाकपाल पर बिना देयता के अतिरिक्त नकदी रखने की शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद नसीराबाद के डाक निरीक्षक ने मौद्रिक सत्यापन किया। इसमें कुल 59 हजार की स्थायी और 43 हजार 200 की अस्थायी राशि का गबन पाया गया। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवादी और गवाहों के बयान दर्ज किए। साथ ही, अभिलेखों का मिलान भी किया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने डाक विभाग में डाकपाल के पद पर रहते हुए राशि के गबन की बात कबूल की। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लादूराम टेलर (54) पुत्र गोपी लाल टेलर के रूप में हुई है। वह डाक विभाग में कार्यरत है और जालिया द्वितीय, पुलिस थाना बिजयनगर, जिला का निवासी है।


