शाजापुर में अवैध लकड़ी परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों और हाल ही में हिंदू संगठनों द्वारा किए गए आंदोलन के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को वन विभाग के अमले ने ग्राम सिरोलिया से अवैध रूप से लकड़ियों का परिवहन कर रहे एक वाहन सहित चार लोगों को पकड़ा। जब्त की गई लकड़ियों और वाहन को रेंजर कार्यालय को सौंप दिया गया है। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने की कार्रवाई बुधवार को डीएफओ हेमलता शाह को लकड़ियों के अवैध परिवहन की गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने तीन सदस्यीय टीम को ग्राम सिरोलिया भेजा। मौके पर पहुंची टीम ने एक वाहन में लकड़ियां ले जाते हुए देखा। अधिकारियों द्वारा पूछताछ करने पर संबंधितों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद टीम ने वाहन क्रमांक एमपी 17 सी-1567 को लकड़ियों सहित जब्त कर लिया। चार आरोपियों को किया गिरफ्तार इस मामले में मक्सी निवासी सुनील पिता रायसिंह (32), रवि पिता हरिसिंह (28), बबलू पिता मोतीलाल (40) और पदमसिंह पिता सोमनाथ (45) को गिरफ्तार किया गया है। अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए डीएफओ हेमलता शाह ने एक छह सदस्यीय दल का भी गठन किया है, जिसने अब कार्रवाई शुरू कर दी है।


