सीकर में स्थित डैफोडिल्स वर्ल्ड स्कूल के कप्तान सिद्धार्थ सेवदा ने कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट 2025 (CLAT) के घोषित परिणामों में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 40 तथा ओबीसी श्रेणी में ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर विद्यालय और शिक्षा नगरी सीकर का नाम रोशन किया है। सिद्धार्थ ने कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई डैफोडिल्स वर्ल्ड स्कूल से ही की है और वर्तमान में वह बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। सिद्धार्थ के पिता रामपाल व मां संजू चौधरी भी शिक्षक हैं तथा सिद्धार्थ की मां भी गत 12 वर्षों से डैफोडिल्स वर्ल्ड स्कूल में ही कार्यरत हैं। सिद्धार्थ ने विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्या और CLAT फैकल्टी को सफलता का क्रेडिट देते हुए कहा कि निरंतर मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रोत्साहन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और सहपाठियों ने सिद्धार्थ को इस अवसर पर शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। डैफोडिल्स वर्ल्ड स्कूल परिवार ने सिद्धार्थ की इस उपलब्धि को विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


