महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर नीतीश कुमार का विरोध:बुरहानपुर में बिहार के सीएम को मद से हटाने की मांग; एसडीएम से शिकायत

बुरहानपुर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शन पटना में एक कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने के मामले में किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीतीश कुमार को उनके पद से हटाने की मांग की है। यह घटना पिछले दिनों पटना में आयुष चिकित्सकों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में हुई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिजाब पहनकर आई एक अल्पसंख्यक डॉक्टर को नियुक्ति पत्र देते समय कथित तौर पर उसका हिजाब हटा दिया था। बुधवार शाम को बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक नेता और कांग्रेस नेता बुरहानपुर के एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम बुरहानपुर एसडीएम अजमेरसिंह गौड़ को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। कांग्रेस अल्पसंख्यक नेता फरीद काजी ने बताया कि 15 दिसंबर को पटना में हुई घटना में मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से नकाब खींचकर मुस्लिम विरोधी मानसिकता का परिचय दिया गया और महिलाओं का सार्वजनिक अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि यह केवल मुस्लिम महिला का नहीं, बल्कि सभी महिलाओं का अपमान था। जिला कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक कांग्रेस और पार्षदों की ओर से राष्ट्रपति और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर नीतीश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रिंकू टाक, कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के सलीम कॉटनवाला और निखिल खंडेलवाल सहित कई पार्षद मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *