जिले के हिंडौन सदर क्षेत्र के रीठोली गांव के निवासियों ने अपने गांव को अलग ग्राम पंचायत बनाने की मांग को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। गांव के लोगों ने बताया कि वे 1995 से पंचायत चुनावों का बहिष्कार करते आ रहे हैं। पूर्व सरपंच पप्पू मीणा ने बताया कि रीठोली पहले गावड़ा मीणा ग्राम पंचायत का हिस्सा था, जिसे 1995 में टोडूपुरा पंचायत में शामिल कर दिया गया। दोनों स्थानों पर मतदाताओं को शांतिपूर्ण मतदान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और कई बार झगड़े भी होते थे। 2011 की जनगणना के अनुसार गांव की आबादी 1865 है। जिला प्रशासन ने पहले भी राज्य सरकार को परिसीमन के कई प्रस्ताव भेजे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने एक बार फिर अपने गांव को अलग ग्राम पंचायत का दर्जा देने की मांग की है। प्रदर्शन में अमृतलाल, पंकज, शाहिद, रामनिवास और दिनेश सहित कई ग्रामीण शामिल थे।


