उमरिया में किसान से मारपीट, वेयरहाउस संचालक पर FIR:केपीएस वेयरहाउस से धान खरीदी कार्य भी बंद; प्रभारी मंत्री के निर्देश पर कार्रवाई

उमरिया जिले के हर्रवाह के सिलपरी के केपीएस वेयरहाउस में एक किसान के साथ मारपीट के मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। वेयरहाउस संचालक करण सिंह के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और किसान से मारपीट करने के आरोप में बिलासपुर चौकी में FIR दर्ज की गई है। इसके साथ ही केपीएस वेयरहाउस को धान खरीदी के कार्य से हटा दिया गया है। यह है पूरा मामला जानकारी के अनुसार, किसान संजय राय अपनी धान की फसल बेचने के लिए सिलपरी वेयरहाउस पहुंचे थे। वहां तौल को लेकर उनका करण सिंह से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर वेयरहाउस संचालक ने किसान के साथ मारपीट की। प्रभारी मंत्री के निर्देश पर कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही मामला प्रशासन तक पहुंचा। प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गठित जांच टीम ने पूरे मामले की जांच कर कलेक्टर को प्रतिवेदन सौंपा। जांच रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने वेयरहाउस संचालक के खिलाफ बिलासपुर चौकी में FIR दर्ज करने के आदेश दिए। प्रभारी खाद्य अधिकारी रोहित सिंह ने FIR दर्ज कराई और प्रशासन ने तुरंत केपीएस वेयरहाउस को धान खरीदी के कार्य से अलग कर दिया। प्रशासन ने कहा कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आगे ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *