किसानों की मांगों को लेकर पीपल्दा से कांग्रेस विधायक चेतन पटेल ने आज ट्रैक्टर मार्च निकाला। ट्रैक्टर मार्च कोलाना से शुरू हुआ जो 15 किमी दूर मंडावरा टोल पर खत्म हुआ। वहां सैकड़ों किसानों ने धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने एक्सप्रेस हाईवे निर्माण में किसानों को मुआवजा देने और खराब सड़कों को सुधारने की मांग की। धरने को संबोधित करते हुए विधायक चेतन पटेल ने कहा- सरकार ने बजट सत्र में किसानों की मांग नहीं मानी तो दिल्ली-मुंबई 8 लेन हाईवे जाम करेंगे। चेतन पटेल का कहना था- दीगोद तहसील के कराड़िया,सुल्तानपुर और मंडावरा से होकर निकल रहे दिल्ली- मुंबई 8 एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा होने के बाद चालू कर दिया गया है। अब यहां से टोल कंपनी ने टोल वसूलना भी शुरू कर दिया है लेकिन किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा। किसानों के खेतों में जाने के रास्ते नहीं है। जर्जर सड़कों को ठीक नहीं करवाया गया। कई किसान अभी भी ऐसे हैं, जिन्हें उनका मुआवजा नहीं मिला है। वहीं हाईवे के अंडरपास भी छोटे बनाए गए है। उनमें बरसात में पानी भरने के कारण किसानों को खेतों तक जाने में बहुत परेशानी होती है। इन्हीं सभी समस्याओं को लेकर सांकेतिक धरना दिया है। केंद्रीय सड़क मंत्री और राज्य की पीडब्ल्यूडी मंत्री के नाम ज्ञापन दिया है। सरकार ने हमारी मांगे नही मानी तो किसानों को साथ लेकर दिल्ली-मुंबई 8 लेन हाईवे जाम करेंगे।


