लक्ष्मणगढ़ में SIR कार्य सफल, SDM-तहसीलदार नाचे:बीएलओ व कर्मचारियों को डिनर पार्टी दी, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का किया सम्मान

लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम का कार्य सफलतापूर्वक और समय से पहले पूरा हो गया। इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए बुधवार शाम उपखंड अधिकारी (SDM) मोहर सिंह मीणा ने बीएलओ और निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मचारियों के सम्मान में एक डिनर पार्टी का आयोजन किया। इस दौरान SDM, तहसीलदार और बीएलओ ने डीजे पर जमकर डांस किया। यह सक्सेस पार्टी लक्ष्मणगढ़ के एक मैरिज गार्डन में आयोजित की गई थी। इसमें SDM मोहर सिंह मीणा के साथ लक्ष्मणगढ़ और नेछवा के तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी बीएलओ को लक्ष्य समय से पहले पूरा करने के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई बीएलओ को सम्मानित भी किया गया। उपखंड कार्यालय के राजपाल सिंह और महिपाल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं। इस SIR सक्सेस पार्टी के फोटो और वीडियो बुधवार शाम से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। आमजन और सोशल मीडिया यूजर्स अधिकारियों व निर्वाचन कार्मिकों के इस प्रयास की जमकर सराहना कर रहे हैं। SDM मोहर सिंह मीणा ने बताया कि इस मिशन में 269 बीएलओ, 28 सुपरवाइजर और निर्वाचन शाखा के अन्य कार्मिक शामिल थे। उन्होंने कहा कि इन सभी के समन्वय और कड़ी मेहनत से यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में कुल 2,86,368 मतदाता हैं, और पुनरीक्षण कार्य का समय से पहले पूरा होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *