लालसोट में 16 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास:पूर्व मंत्री बोले-भाजपा शासन में विकास गांव के अंतिम छोर तक पहुंचेगा

राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लालसोट क्षेत्र में सुशासन रथ यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान कुशलपुरा, सोनड, भयपुर, हेमल्यावाला, अभयपुरा और चंदावास गांवों में रथ यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। पूर्व मंत्री कन्हैया लाल मीणा और विधायक रामविलास मीणा ने ग्रामीणों का अभिनंदन स्वीकार किया। इसी अवसर पर कुशलपुरा ग्राम में 16 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली छह सड़कों का शिलान्यास किया गया। यह शिलान्यास पूर्व मंत्री कन्हैया लाल मीणा और विधायक रामविलास मीणा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री कन्हैया लाल मीणा ने कहा कि भाजपा शासन में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने जोर दिया कि सड़कों के विकास से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि विकास की धारा गांव के अंतिम छोर तक पहुंचेगी। विधायक रामविलास मीणा ने इस अवसर पर कई विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। इनमें भयपुर से महावर बस्ती और भयपुर से रामपुरा तक सड़क निर्माण, भयपुर में विद्यालय के लिए तीन नए कक्षा-कक्षों का निर्माण, तथा बिदरखा स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कला संकाय की मंजूरी और दो अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का निर्माण शामिल है। विधायक मीणा ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि अप्रैल 2026 तक विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और ढाणी में ईसरदा परियोजना का पानी पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को घर बैठे स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पिछले दो वर्षों में कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य विकास की रोशनी को गांव-गांव तक पहुंचाना है। विधायक ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों की तुलना में भाजपा सरकार के दो वर्षों के विकास कार्य अधिक प्रभावी रहे हैं। इस अवसर पर शंभूलाल कुईवाला, रूपसिंह मीणा, सतपाल मीणा, मुकेश हाड़ोत्तिया, श्रीफूल मीणा, बलराम बैरवा, अनिल बुर्जा, सोनू बिनोरी, पूर्व उपप्रधान परशुराम मीणा, लक्ष्मी रावत, जगदीश सिंह, हाकिम सिंह, श्रीराम माधोपूरा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *