सीधी जिले के बहरी में राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर हुए एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बुधवार शाम हुई इस घटना में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक चाट खाने के लिए घर से निकले थे। यह हादसा बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहौलिया रोड मोड़ के पास बुधवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, सिंगरौली की ओर से बहरी की तरफ आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सामने से आ रही बाइक से टकरा गया। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया। दोनों युवक चाट खाने जा रहे थे मृतक की पहचान ग्राम सिहौलिया निवासी रामलल्लू साकेत (32 वर्ष) के रूप में हुई है। बाइक चला रहे उनके पड़ोसी राजकुमार साकेत (31 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पड़ोसी शाम के समय घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर बहरी बाजार चाट खाने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिहौलिया रोड मोड़ पर राष्ट्रीय राजमार्ग 39 का निर्माण अधूरा है। यहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगा है और न ही वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के कोई इंतजाम हैं। भारी वाहनों की तेज आवाजाही के कारण यह मोड़ पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है। घटना की सूचना मिलते ही बहरी पुलिस मौके पर पहुंची। 112 एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और प्रकरण बहरी थाने को सौंप दिया गया है।


