फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर 10 हजार रुपए की ठगी, साइबर थाने में शिकायत

भास्कर न्यूज |गिरिडीह जिले में साइबर अपराध का एक नया मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये ठगने की घटना को अंजाम दिया है। सेंट्रलपीट निवासी अधिवक्ता सह झामुमो जिला सह सचिव दिलीप कुमार रजक के नाम व फोटो का दुरुपयोग करते हुए दिलीप भाई नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई। इस आईडी के माध्यम से उनके फेसबुक मित्रों को मैसेंजर पर मैसेज भेजकर ठगी की गई। साइबर अपराधी ने मैसेज में लिखा कि वह साउथ अफ्रीका में फंस गया है और उसे तत्काल 10 हजार रुपये की आवश्यकता है, साथ ही किसी को इसकी जानकारी न देने की बात कही गई। इस झांसे में आकर दिलीप कुमार रजक के मित्र महेश प्रसाद ने मंगलवार को 10 हजार रुपये भेज दिए। बताया जा रहा है कि ऐसे कई अन्य लोगों को भी इसी तरह संदेश भेजे गए हैं, जिनमें से कुछ लोग अनजाने में ठगी का शिकार हो रहे हैं। घटना को लेकर दिलीप कुमार रजक ने साइबर थाना गिरिडीह में बुधवार को आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि दिलीप भाई नाम से कोई फ्रेंड रिक्वेस्ट आए तो उसे स्वीकार न करें और किसी भी प्रकार की पैसे की मांग पर तुरंत सतर्क हो जाएं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी रोज नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठग रहे हैं, इसलिए सभी को जागरूक रहने और बिना पुष्टि के किसी को भी पैसे न भेजने की आवश्यकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *