अफरीद | लगातार गिरते तापमान और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इस कठिन समय में फुटपाथ, रेलवे स्टेशन, मंदिर परिसर और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बेसहारा और जरूरतमंद लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में मानवता की मिसाल पेश करते हुए तिलक सेवा संस्थान, अफरीद (छत्तीसगढ़) ने सेवा प्रयास कार्यक्रम के अंतर्गत राहत कार्य शुरू किया। संस्थान के सक्रिय सदस्य दिनेश राठौर ने चांपा रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर ठंड से जूझ रहे लोगों को 25 कंबल वितरित किए। इसके अलावा, जांजगीर के संजय राठौर ने 5 कंबल और ग्राम अफरीद के व्यवसायी धर्मपाल सिंह राठौर ने 5 कंबल एवं गर्म कपड़े जरूरतमंदों तक पहुंचाए। जब ठंड से कांपते हाथों में कंबल पहुंचे, तो लाभार्थियों के चेहरे पर राहत, संतोष और कृतज्ञता झलकने लगी। इस अवसर पर दिनेश राठौर ने कहा कि वर्तमान में सबसे अधिक प्रभावित लोग वे हैं जिनके पास पक्की छत और ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं हैं। ऐसे में समाज के सक्षम और संवेदनशील लोगों का दायित्व है कि वे आगे आएं और सहयोग करें।


