अफरीद | बिर्रा-चांपा मुख्य मार्ग से जुड़ने वाला अफरीद पहुंच मार्ग पिछले दो वर्षों से गड्ढों और खराब हालत में है। इस सड़क पर रोजाना गुजरने वाले स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और आम राहगीर बड़े खतरे में हैं। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों को फिसलन और दुर्घटना का डर बना रहता है। पैदल चलने वालों को भी बार-बार धक्का-मुक्की और चोट लगने का डर सताता है। गांववासियों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब होने के बावजूद मरम्मत का काम केवल आधे हिस्से तक सीमित रखा गया है। मुख्य मार्ग से अरविंद इंडस्ट्रीज तक ही डामरीकरण होगा, जबकि शेष सड़क पर सिर्फ पैचवर्क किया जाएगा। यह आधी राहत पूरे गांव के लिए किसी काम की नहीं। पीडब्ल्यूडी के सब इंजीनियर का कहना है कि सीमित फंड के चलते पूरी सड़क का डामरीकरण संभव नहीं।


