कस्बे के बस स्टैंड स्थित उच्च माध्यमिक स्कूल के खेल मैदान में द हंस फाउंडेशन एवं स्कूल प्रशासन की ओर से आयोजित 15 दिवसीय स्कूल स्तरीय हंस खेल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबलों के साथ बुधवार को समापन हुआ। वॉलीबाल व क्रिकेट प्रतियोगिताओं में ब्लॉक क्षेत्र के 12 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एसडीएम राकेश कुमार रावत थे। द हंस फाउंडेशन के प्रोजेक्ट मैनेजर सतीश कुमार ने बताया कि फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अच्छा प्रदर्शन किया। वॉलीबाल बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला उच्च माध्यमिक स्कूल गरड़ा एवं बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल किशनगंज के बीच खेला गया। जिसमें गरड़ा स्कूल की टीम विजेता रही। वहीं क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उच्च माध्यमिक स्कूल दिगोदपार एवं उच्च माध्यमिक स्कूल नेहरूपुरा के बीच हुआ। जिसमें नेहरूपुरा की टीम ने जीत दर्ज की। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता व उपविजेता रही टीमों को शील्ड व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान द हंस फाउंडेशन के अंकित शर्मा, प्रोजेक्ट कोर्डिनेटर दिनेश कुमार, पवन पटेल, आस्था कुमारी, प्रियंका सोनी, पीरामल फाउंडेशन के कपिल कुमार, गरड़ा स्कूल के प्रधानाचार्य हुकुमचंद, दिगोदपार स्कूल के प्रधानाचार्य ललित यादव सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी आदि मौजूद थे।


