चरागाह पर बनी तलाई पर अतिक्रमण कर बोई फसल

भास्कर न्यूज | किशनगंज ब्लॉक की कांकड़दा ग्राम पंचायत क्षेत्र के अमलावदा गांव में चरागाह भूमि पर बनी तलाई पर अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत की ओर से मवेशियों के उपयोग के लिए बनाई गई तलाई पर एक व्यक्ति ने जबरन कब्जा कर फसल की बुआई कर दी है। अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को बीडीओ हर्ष कुमार महावर को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मनरेगा योजना के तहत पशुओं के पानी पीने व विचरने की सुविधा के लिए अमलावदा गांव स्थित यह तलाई बनाई गई थी। लंबे समय से यह तलाई गांव के मवेशियों के लिए उपयोग में आ रही थी, लेकिन अब अमलावदा निवासी एक व्यक्ति की ओर से तलाई व उसके आसपास की चारागाह भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमी तलाई के आसपास आने वाले मवेशियों को डंडे मारकर भगा देता है, जिससे मवेशियों को पानी और चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। जब ग्रामीणों तलाई को अतिक्रमण मुक्त कर मवेशियों के लिए सुरक्षित रखने की बात कहते हैं तो अतिक्रमी झगड़ा करने पर आमादा हो जाता है। जिससे गांव में शांति भंग होने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस अतिक्रमण को लेकर पूर्व में कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार को भी ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमी के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने बीडीओ से मांग की है कि अमलावदा गांव स्थित चारागाह भूमि की तलाई से अतिक्रमण हटाकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा भविष्य में दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ज्ञापन देने वालों में धनराज सुमन, देवकरण सुमन, रणवीर चौधरी, दुर्गालाल सुमन, राजेंद्र सुमन सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *