बाड़मेर रेलवे स्टेशन बनकर तैयार, फिनिशिंग कार्य होने के बाद ही होगा उद्घाटन: डीआरएम

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बाड़मेर रेलवे स्टेशन के चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण करने बुधवार जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनुराग त्रिपाठी पहुंचे। डीआरएम त्रिपाठी ने 2:30 बजे से 4 बजे तक स्टेशन के कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद जसाई स्टेशन का निरीक्षण कर शाम जोधपुर के लिए रवाना हुए। निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चल रहे कार्यों की समीक्षा की। डीआरएम ने बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर विकसित हो रहे नए शौचालयों, वेटिंग रूम, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रवेश व निकासी द्वार सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। डेढ़ घंटे निरीक्षण के बाद विकास कार्यों में छोटी मोटी कमियों को दूर करते हुए फिनिशिंग करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्टेशन पर इंजीनियरिंग विभाग की आवासीय रेलवे कॉलोनी के निर्माण कार्य एवं रेलवे पार्क का निरीक्षण कर रेलवे संरक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े मापदंडों की समीक्षा कर निर्देश दिए। इस दौरान डीआरएम ने जसाई स्टेशन का निरीक्षण कर सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग की निर्माणाधीन नई इमारत का भी जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर जोगिंदर मीणा सहित इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन का जल्द होगा उद्घाटन, गैंग नंबर 64 को सामूहिक पुरस्कार की घोषणा- डीआरएम त्रिपाठी ने कहा कि जल्द ही बाड़मेर स्टेशन पूरा तैयार होगा। इसके बाद स्टेशन का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होगा। डीआरएम ने कवास–उत्तरलाई सेक्शन में इंजीनियरिंग विभाग के कार्यों का जायजा लेते हुए बेहतर कार्य करने के लिए कर्मचारियों को प्रेरित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए इंजीनियरिंग गैंग नंबर 64 को सामूहिक पुरस्कार के रूप में प्रत्येक कर्मचारी को 2000 रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन को आधुनिक स्वरूप में विकसित किया गया है। स्टेशन लगभग तैयार हो गया है, जल्द ही उद्घाटन होगा। अंतिम चरण में फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। है। – अनुराम त्रिपाठी, डीआरएम

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *