गंगाशहर में शुरू होगी मदर लैब, बाद में 4 हब लैब और 58 स्पोक लैब भी खुलेंगी, 145 जांचें निशुल्क होंगी

गंगाशहर के बाशिंदों के लिए राहत की बड़ी खबर है, जिले में लैब जांच का हब एवं स्पोक मॉडल गंगाशहर की अरबन सीएचसी पर जल्दी ही शुरू होने जा रहा है। इससे 145 तरह की जांचें निशुल्क होंगी। मदर लैब में मशीनों के इंस्टॉलेशन का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। दो-तीन दिन में लैब का उद्घाटन हो सकता है। सीएमएचआे स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिले 71 पीएचसी, 18 सीएचसी, 7 उप जिला अस्पतालों के मरीजों की 145 तरह की जांचें निशुल्क होंगी। इसमें मरीज कैंसर, प्रोस्टेट कैंसर, सेक्सुअल डिजीज, हार्ट डिजीज और पेट की गंभीर बीमारियों की एडवांस जांच भी करवा सकेंगे। रिपोर्ट शाम तक संबंधित स्वास्थ्य केंद्र के मेल पर पहुंच जाएगी। मरीज को रिपोर्ट अॉन लाइन डाउनलोड करने की सुविधा भी दी जाएगी। पहले अधिकांश स्थानों पर खून की सामान्य जांचें ही हो पाती थीं। उल्लेखनीय है कि निशुल्क जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भारत सरकार की ओर से हब एवं स्पोक मॉडल अपनाने की पहल की गई है। इसी क्रम में राजस्थान में भी यह मॉडल लागू किया जा रहा है ताकि गांव-कस्बों तक रोगियों को जांच की समुचित सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हों। यह मॉडल लागू होने से चिकित्सा संस्थानों में जांचों की संख्या में वृद्धि होगी एवं जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के समय में भी कमी आएगी। नए सिस्टम में जांच की रिपोर्ट भी मरीज ऑनलाइन डाउनलोड कर पाएंगे। प्रदेश के 1512 अस्पतालों में सरकार लैब जांच का ‘मदर-हब-स्पोक’ मॉडल जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। यह कार्य निजी फर्म को दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम : मदर लैब राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया जा रहा है। अब प्रदेश के गांवों और कस्बों तक भी शहर जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाएं पहुंचेंगी। इसके लिए हब एवं स्पोक मॉडल को अपनाते हुए एक व्यापक योजना बनाई गई है, जिसके अंतर्गत पूरे प्रदेश में जांच सेवाओं को एक नेटवर्क के माध्यम से जोड़ा गया है। पहले चरण में केवल मदर लैब शुरू होगी : जिले में पहले चरण में केवल मदर लैब शुरू की जा रही है। सीएमएचआे ने बताया कि दूसरे चरण में चार हब लैब बनेंगी, जो नोखा, कोलायत, खाजूवाला और देशनोक में खुलेगी। उसके बाद पीएचसी और सीएचसी स्तर पर 58 स्पोक लैब खोली जाएंगी। कंपनी करेगी सभी काम : सेवा प्रदाता द्वारा सभी लैब्स में यूएसएफडीए और यूरोपियन सीई सर्टिफाइड उपकरण लगाए जाएंगे। रिएजेंट्स, कंज्यूमेबल्स और मानव संसाधन भी वही उपलब्ध कराएंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि मरीजों को अब रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि रिपोर्टें ऑनलाइन घर बैठे उपलब्ध कराई जाएंगी। नेटवर्क आधारित जांच प्रणाली है लैब जांच का ‘मदर-हब-स्पोक’ मॉडल एक नेटवर्क-आधारित प्रणाली है, जो स्वास्थ्य सुविधाओं को केंद्रीकृत (मदर लैब) और विकेन्द्रीकृत (हब और स्पोक) प्रयोगशालाओं से जोड़ती है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सभी को उच्च गुणवत्ता वाली, किफायती और समय पर जांच की सुविधा मिल सकेगी। इसमें सैंपल स्पोक (छोटे केंद्र) से लेकर हब और फिर मदर लैब तक जाते हैं, जहां विशेष जांचें होती हैं। रिपोर्ट ऑनलाइन वापस भेजी जाती है, जिससे मरीजों को घर बैठे रिपोर्ट मिलती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *