सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज में बुधवार को एंटी रैगिंग समिति की बैठक प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रमेश देव और पुलिस प्रशासन की ओर से आईपीएस अनुष्ठा कालिया, वृत्त अधिकारी, थानासदर ने भाग लिया। बैठक में एसपी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय, एनएमसी नई दिल्ली, राज्य सरकार तथा राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर के निर्देशों की अनुपालना में कॉलेज प्रशासन द्वारा रैगिंग रोकथाम के लिए एंटी रैगिंग दिवस, सप्ताह और अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न रैगिंग विरोधी समितियों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर रमेश देव ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों एवं कॉलेज प्रशासन के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव दिया, ताकि संचार आसान हो सके। वृत्त अधिकारी अनुष्ठा कालिया ने छात्रों को किसी भी आपात स्थिति या रैगिंग की घटना में पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी। डॉ. रेखा आचार्य, अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर ने बताया कि कॉलेज परिसर पूरी तरह रैगिंग मुक्त है। संयोजक डॉ. नीति शर्मा ने आश्वासन दिया कि सभी समितियां सतर्क हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उपलब्ध रहेंगी। डॉ. गौरव शर्मा ने जानकारी दी कि नव प्रवेशित छात्रों के लिए अलग बॉयज हॉस्टल चिन्हित किया गया है, जहां 24 घंटे सुरक्षा कर्मी और सीसीटीवी निगरानी है, जिससे फ्रेशर्स को भयमुक्त वातावरण मिल सके। बैठक में डॉ. डीपी सोनी, डॉ. योगिता सोनी, डॉ. अनिता वर्मा, डॉ. तरूणा स्वामी, डॉ. कविता पाहुजा, डॉ. गरिमा खत्री, डॉ. विजेता मोदी, डॉ. मोहम्मद शकील, डॉ. नेहा तंवर सहित अन्य संकाय सदस्य, वित्तीय सलाहकार पवन कुमार कस्वा, संस्थापन अधिकारी संजय गहलोत, मीडिया प्रतिनिधि बृज मोहन आचार्य और छात्र संयोजक मनोज कुमार उपस्थित रहे।


