भास्कर संवाददाता | सागर नगर निगम स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-19 वर्ग के मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। विभिन्न स्कूलों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और दर्शकों को रोमांच से भर दिया। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक खेल देखने को मिला। अंडर-19 वर्ग के एक अहम मुकाबले में अंबेडकर वार्ड की टीम ने एसएसपीएस स्कूल को 62 रनों से पराजित कर प्रभावशाली जीत हासिल की। वहीं रॉयल किंग स्कूल के खिलाफ खेले गए मैच में जॉय कैंपियन स्कूल की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 3 ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। अन्य मुकाबले में गौर नगर मकरोनिया की टीम ने मोराजी किंग्स स्कूल को 7 विकेट से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। स्वामी विवेकानंद स्कूल और जूनियर-171 के बीच हुए मुकाबले में जूनियर-171 की टीम ने 19 रनों से जीत दर्ज कर सभी को प्रभावित किया। इसके बाद फर्स्ट सेमीफाइनल में भी जूनियर-171 का दबदबा देखने को मिला, जहां टीम ने जॉय कैंपियन स्कूल को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे दिन प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर, उमेश सिंह केवलारी, मनीष नेमा, रवि ठाकुर एवं क्रिकेट प्रतियोगिता प्रभारी आदित्य पांडे स्टेडियम पहुंचे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना से आगे बढ़ने का संदेश दिया।


