गोरखपुर में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव यानी क्रिसमस को लेकर उत्साह चरम पर है। जैसे-जैसे 25 दिसंबर की तारीख नजदीक आ रही है, शहर के गिरजाघरों(चर्चों ) में रौनक बढ़ती जा रही है। शहर के लगभग सभी चर्चों पर तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। झालर, लाइट और गुब्बारे से चर्चों को सजाना शुरू कर दिया गया है। साथ ही पारम्परिक मेले में उत्साह भरने के लिए झूले भी लगने शुरू हो गए हैं। क्रिसमस के रंग में रंगा सेंट एंड्रयूज कचहरी चौराहा स्थित सेंट एंड्रयूज कॉलेज इन दिनों क्रिसमस के रंग में पूरी तरह रंग गया है। गेट से ही झालर और लाइटे लग चुकी हैं। साथ ही अंदर भव्य झांकी सजाई गई है। सुंदरता देखते बन रही हैं। कॉलेज के स्टूडेंट्स से लेकर आम लोगों यह झांकी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। ऐसा लग रहा है, प्रभु यीशु उस झांकी में विराजमान हैं। लोग वहां रूककर सेल्फी और फोटो ले रहे हैं। साथ ही वीडियो के माध्यम से इस सुंदर नजारे को फोन में हमेशा के लिए कैद कर रहे हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से नहाएंगे गिरजाघर
इसी तरह शास्त्री चौक स्थित क्राइस्ट चर्च में सजावट के साथ-साथ पारंपरिक मेले की रूपरेखा भी तैयार होने लगी है। चर्च में बिजली की झालरें और आकर्षक लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। कारीगरों का कहना है कि 20 दिसंबर तक सजावट का पूरा काम संपन्न कर लिया जाएगा, ताकि प्रार्थना सभाओं से पहले पूरा परिसर दूधिया रोशनी और रंगीन झालरों से जगमगा उठे। मेले का आकर्षण लगने लगे झूले क्रिसमस के अवसर पर लगने वाला मेला शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण होता है। इस वर्ष भी शास्त्री चौक स्थित क्राइस्ट चर्च में मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाहर से आए कारीगरों ने परिसर में झूले स्थापित करना शुरू कर दिया है। जिसमें ट्रेन और ब्रेक डांस जैसे कई झूले मौजूद रहेंगे। विभिन्न प्रकार के होंगे स्टॉल्स
क्राइस्ट चर्च के सेक्रेटरी का कहना है कि हर साल की तरह इस बार भी क्रिसमस पर चर्च सजाने की तैयारी कर रहे हैं। प्रभु यीशु की झांकी के साथ मनोरंजन के लिए झूले, फूड और खिलौने के स्टॉल लगाए जाएंगे। बाजारों में भी बढ़ने लगी रौनक सिर्फ चर्च ही नहीं, बल्कि शहर के गोलघर, टाउनहॉल और असुरन जैसे प्रमुख बाजारों में भी क्रिसमस ट्री, सांता क्लॉज की ड्रेस और गिफ्ट आइटम्स की मांग बढ़ गई है। बेकरी शॉप्स पर भी केक और पेस्ट्री के ऑर्डर बुक होने शुरू हो गए हैं।


