नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन आज:दुर्ग में BJP कार्यालय का घेराव; एक दिन पहले कांग्रेस भवन से माइक सेट चोरी, महामंत्री ने दर्ज करवाई FIR

नेशनल हेराल्ड प्रकरण में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज एफआईआर को न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस ने इसे सत्य की जीत करार दिया है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के आह्वान पर आज दुर्ग में कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करेगी। जिला कांग्रेस दुर्ग ग्रामीण, जिला कांग्रेस दुर्ग शहर और जिला कांग्रेस भिलाई शहर के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अदालत का यह फैसला मोदी–शाह और भाजपा के कथित राजनीतिक षड्यंत्र का पर्दाफाश करता है। अदालत ने अपने आदेश में ईडी की शिकायत को स्वीकार्य (एडमिसिबल) नहीं माना है। जिला कांग्रेस दुर्ग के प्रवक्ता नासिर खोखर ने कहा कि यह फैसला राहुल गांधी और सोनिया गांधी के लिए बड़ी जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की थी, लेकिन न्यायालय ने सच्चाई सामने रख दी। पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व गृहमंत्री होंगे शामिल
कांग्रेस के घेराव कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू के शामिल होने की जानकारी भी दी गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतंत्र और न्यायपालिका पर भरोसे का प्रतीक है, साथ ही केंद्र सरकार की कथित एजेंसी आधारित राजनीति के खिलाफ आवाज बुलंद करने का माध्यम भी। राजीव भवन में चोरी, महामंत्री ने दर्ज करवाई एफआईआर
इधर कांग्रेस के इस बड़े कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले दुर्ग स्थित राजीव भवन (कांग्रेस सभागार) में चोरी की घटना सामने आई है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के महामंत्री और कार्यालय प्रभारी आनंद कपूर ताम्रकार ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 16 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे चौकीदार ने भवन के दोनों गेट पर ताला लगाकर परिसर बंद कर दिया था। अगले दिन 17 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे जब वह वापस पहुंचा तो सभागार के अंदर लगे दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। केवल माइक सेट ही ले गए चोर
चोरों ने सभागार में रखा इलेक्ट्रॉनिक माइक सेट चोरी कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 8 से 10 हजार रुपए बताई गई है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी कांग्रेस भवन से कुर्सियों और अन्य उपयोगी सामान की चोरी हो चुकी है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *