धनबाद में पेट्रोल पंप मालिक के बेटे को गोली लगी:पंप के पीछे मिला बियर बोतल, चिप्स के पैकेट और खोखा, दुर्गापुर रेफर किया गया

धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब देवियाना गेट एनएच-19 पर स्थित मां उमा शक्ति फिलिंग पॉइंट पर पेट्रोल पंप मालिक के बेटे सौरभ सिंह को गोली लग गई। सौरभ, पेट्रोल पंप मालिक और पत्थर कारोबारी पारस सिंह के पुत्र हैं। गोली लगते ही परिजनों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में सौरभ को तत्काल धनबाद के असर्फी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही निरसा थाना पुलिस के साथ निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजत मानिक बाखला घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। जांच में मिले अहम सुराग, फायरिंग की आशंका पुलिस ने घटनास्थल के पीछे स्थित एक सुनसान इलाके की तलाशी के दौरान कई अहम सुराग बरामद किए हैं। यहां से बियर की खाली बोतलें, चिप्स के पैकेट, एक गोली का खोखा और खून के निशान मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आशंका जता रही है कि यह घटना खाने-पीने के दौरान हुई फायरिंग का नतीजा हो सकती है। एसडीपीओ रजत मानिक बाखला ने बताया कि पुलिस को गोली चलने की सूचना मिली थी और घायल युवक की पहचान सौरभ सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सौरभ पेट्रोल पंप मालिक के बेटे हैं। पुलिस यह जानने में जुटी है कि गोली किस परिस्थिति में चली और घटना के समय वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे। लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की आशंका जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि घायल सौरभ सिंह के पास एक लाइसेंसी पिस्टल है। इस बिंदु को गंभीरता से जांच में शामिल किया गया है कि फायरिंग उसी हथियार से हुई या किसी अन्य व्यक्ति ने गोली चलाई। घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस ने पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज जब्त कर लिए हैं, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी जा सके। निरसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होते ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *