बिलासपुर | कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने आरटीओ कार्यालय के पास ई चालान के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के सीपत, जांजी, बैमा, नगोई, मोहरा, बिरकोना, सेलर, भाड़ी, परसाही, रानीगांव जैसे दर्जन भर से अधिक गाड़ी मालिकों को ई चालान भेजकर राशि वसूली जा रही है। ये गांव बिलासपुर शहर से जुड़े हुए हैं इसलिए इन्हें छोटे छोटे कामों के लिए कई बार बिलासपुर आना -जाना होता है और आरटीओ विभाग द्वारा उन्हें भारी भरकम ई चालान भेज कर वसूली की जा रही है। इसमें फिटनेस, पर्यावरण सर्टिफिकेट, लाइसेंस, नवीनकरण, इंश्योरेंस, गाड़ी की कागजात जैसे कारण बताए जाते हैं।


