दिनदहाड़े पिस्तौल लेकर बैंक में घुसे बदमाशों ने 10 लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। एक बदमाश ने पिस्तौल दिखाकर बैंक मैनेजर को धमकाया और दूसरा बदमाश कैशियर के पास पहुंचा। जब कैशियर ने मना कर दिया तो उसने कैशियर पर बंदूक तान दी और कहा-‘जल्दी से कैश दे दो, नहीं हम तो मरने ही आए हैं। आपको भी गोली मार देंगे।’ इस पर कैशियर ने कैश निकाल कर दे दिया। मामला करौली जिले के हिंडौन सिटी का है, जहां शाम 4 बजे रीको उद्योग मंडल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में दो बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बैंक के सीसीटीवी एक बदमाश हाथ में हथियार लेकर चहल कदमी करता नजर आ रहा है। बैंक के कार्यवाहक मैनेजर कुलदीप मीना ने बताया- घटना शाम 4 बजे की है। दो लोग बैंक के अंदर आए, जिसमें एक बदमाश ने मुझ पर बंदूक तान दी। दूसरा बदमाश कैशियर के पास पहुंचा और कैश निकालने के लिए कहा। जब कैशियर ने मना कर दिया तो उसने कैशियर पर बंदूक तान दी और कहा-‘जल्दी से कैश दे दो, नहीं हम तो मरने ही आए हैं। आपको भी गोली मार देंगे।’ इस पर कैशियर ने कैश निकाल कर दे दिया। बैंक मैनेजर ने बताया- 20 मिनट पहले बयाना रोड स्थित PNB की मुख्य शाखा से 10 लाख रुपए इस शाखा में लाए गए थे। इस दौरान बैंक में कर्मचारी और कुछ ही ग्राहक मौजूद थे। घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी सत्येंद्र पाल सिंह, डीएसपी गिरधर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एडिशनल एसपी सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया- रिको औद्योगिक क्षेत्र स्थित पीएनबी शाखा में शाम करीब चार बजे कैशियर काउंटर से हुई दस लाख की लूट के मामले में क्षेत्र में नाकाबंदी करा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश जारी है। इसके लिए क्षेत्र के सभी रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। इसके लिए अलग अलग टीम गठित की गई है।


