सागर में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग करने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार:बाजार से लौट रही महिला को बनाया था शिकार; एक आरोपी पर पहले से कई केस दर्ज

सागर के सानौधा थाना क्षेत्र में महिला के गले से सोने की माला छीनकर भागने वाले दो लुटेरों को शाहपुर चौकी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से उन्हें 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की माला भी बरामद कर ली गई है। फरियादी सियारानी लोधी ने पुलिस को बताया कि वह मंगलवार दोपहर शाहपुर बाजार गई थीं। खरीदारी करके जब वह पैदल वापस घर लौट रही थीं, तभी गणेशगंज रेलवे पुलिया के पास सामने से बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने झपट्टा मारकर गले से सोने की माला छीन ली और तेज रफ्तार में बाइक भगा ले गए। महिला के शोर मचाने पर लोग जमा हुए, लेकिन तब तक बदमाश ओझल हो चुके थे। CCTV फुटेज और हुलिए से हुई पहचान पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बाजार रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर तलाश शुरू हुई। मुखबिर से मिली सूचना के बाद बुधवार को पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में ले लिया। नरयावली के रहने वाले हैं आरोपी, बाइक भी जब्त शाहपुर चौकी प्रभारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम संतोष उर्फ बिट्टू (31) और नरेश उर्फ दीपक (21) निवासी नरयावली बताए हैं। उन्होंने वारदात कबूल कर ली है। पुलिस ने उनके पास से सोने की माला और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। आरोपी संतोष उर्फ बिट्टू के खिलाफ नरयावली और बीना थाने में चोरी समेत अन्य मामले पहले से दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *