छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में सेंट्रल जीएसटी (CGST) की टीम ने एमजी रोड स्थित ‘नवीन इंजीनियरिंग’ प्रतिष्ठान पर छापा मारा है। सेंट्रल जीएसटी की टीम बुधवार को रायपुर से यहां पहुंची और नवीन इंजीनियरिंग में जांच शुरू की। गुरुवार को भी CGST की जांच जारी है। संस्थान के दस्तावेजों, बिलों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। नवीन इंजीनियरिंग सरगुजा संभाग के सबसे प्रतिष्ठित और बड़े हैवी मशीन मैन्युफैक्चरिंग प्लांटों में से एक है। नवीन इंजीनियरिंग हैवी मशीनों का निर्माण करता है। साथ ही सरकारी विभागों को उपकरणों की सप्लाई भी की जाती है। यह कंपनी “ज्वाय” इलेक्ट्रिक बाइक का भी निर्माण करती है। एग्रीकल्चर में इस्तेमाल की जाने वाली मशीनें भी बनाई और बेची जाती है। टैक्स चोरी की आशंका पर छापेमारी जानकारी के मुताबिक, जीएसटी विभाग को लंबे समय से संस्थान में निर्मित होने वाली मशीनों की उत्पादन लागत को कागजों पर कम कर दिखाने की जानकारी मिली थी। आरोप है कि, इस तकनीक के जरिए टैक्स चोरी की जा रही थी। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की आशंका पर छापेमारी की गई है। दूसरे दिन भी जीएसटी विभाग की जांच जारी है। छापेमारी के दौरान जब मीडिया कर्मियों ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने इसे एक “सामान्य प्रक्रिया” बताया है। अधिकारियों का कहना है कि वे केवल टैक्स से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र कर रहे हैं। हालांकि, जिस तरह से यह कार्रवाई घंटों तक चलती रही और रिकॉर्ड खंगाले गए हैं। फिलहाल दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही वे इस संबंध में कुछ बता सकेंगे।


