पाली में ऐतिहासिक धरोहर से जुड़े एक मंदिर परिसर में बिना अनुमति निर्माण का मामला सामने आया है। इसी को लेकर श्री महासती सिणगारदे सती स्थल संघर्ष समिति के नेतृत्व में राजपूत समाज के लोगों ने नगर परिषद आयुक्त से मिलकर निर्माण रुकवाने और निष्पक्ष जांच की मांग की। नगर परिषद की अनुमति के बिना निर्माण का आरोप श्री महासती सिणगारदे सती स्थल संघर्ष समिति पाली के तत्वाधान में गुरुवार को राजपूत समाज के लोग नगर परिषद आयुक्त नवीन भारद्वाज से मिले। समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि आदर्श नगर स्थित रत्नेश्वर महादेव मंदिर, 24 लोहिया की बगीची परिसर में नगर निगम की अनुमति के बिना निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यह कार्य नगर निगम के नियमों और वैधानिक प्रक्रिया का उल्लंघन है। ऐतिहासिक धरोहर को नुकसान पहुंचने की आशंका प्रतिनिधियों ने बताया कि मंदिर परिसर में किया जा रहा निर्माण कार्य अब तक करीब 75 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उनका आरोप है कि इस निर्माण से परिसर में मौजूद ऐतिहासिक धरोहर और अवशेषों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भी परिसर में कुछ महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अवशेष शेष बचे हुए हैं, जिन्हें बचाया जाना जरूरी है। निर्माण रुकवाने और निष्पक्ष जांच की मांग राजपूत समाज के लोगों ने नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य को रुकवाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। समाज का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो ऐतिहासिक विरासत को अपूरणीय क्षति हो सकती है। कई समाजजन रहे मौजूद इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में विक्रमपाल सिंह, राजेन्द्र सिंह, लक्ष्मण सिंह सहित राजपूत समाज के कई लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और नियमों के पालन की मांग की।


