अलवर शहर में नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शहर के बिजली घर चौराहा स्थित तिकोने पार्क में लंबे समय से हो रहे अतिक्रमण को मंगलवार को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पार्क के भीतर और बाहर अवैध रूप से बनाए गए ढांचे हटाए गए, वहीं पैदल चलने वाले मार्ग पर लोगों द्वारा बनाए गए चूल्हों को भी तोड़ दिया गया और जेसीबी की मदद से उस जगह को खदेड़ भी दिया। इसके बाद यूआईटी की टीम नेमीचंद मार्केट व लोहा मंडी की ओर निकली वहां भी कुछ अवैध पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त की कार्यवाही होगी। नगर विकास न्यास अलवर के बीआरओ मानवेन्द्र जेसवाल ने बताया कि यूआईटी सचिव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। बिजली घर चौराहे पर स्थित इस पार्क क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही थी और पार्क की स्थिति भी खराब होती जा रही थी। निरीक्षण के बाद अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए, जिसके तहत बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के अनुसार इस पार्क को विकसित करने की योजना प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटने के बाद यहां सौंदर्यीकरण और विकास कार्य किए जाएंगे, जिससे आमजन को स्वच्छ और सुव्यवस्थित पार्क की सुविधा मिल सके। कार्रवाई के दौरान नगर निगम और यूआईटी का जाप्ता मौके पर मौजूद रहा ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो। नगर प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें। यूआईटी की टीम दो जेसीबी लेकर आई थी।


