38 लाख की धोखाधड़ी के 2 आरोपी गिरफ्तार:कॉपर स्क्रैप के नाम पर व्यापारी को बेची थी मिट्टी की डस्ट, पुलिस ने गाजियाबाद से दबोचा

चौमूं थाना पुलिस ने एक बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए शुक्रवार को दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यापारी को कॉपर स्क्रैप की जगह मिट्टी की डस्ट बेचकर 38 लाख रुपए की ठगी की थी। मामला पिछले साल अगस्त का है, जब मानसरोवर निवासी टीकमचंद जैन के साथ यह धोखाधड़ी हुई थी। आरोपी मोहम्मद फैसल अंसारी और आमिर खान उर्फ सोनू ने खुद को तांबा स्क्रैप के होलसेल सप्लायर बताकर व्यापारी को झांसे में लिया। उन्होंने फर्जी सिम का इस्तेमाल कर वीडियो कॉल पर सैंपल दिखाया, जिसमें 62% कॉपर की मात्रा पाई गई। इसके बाद चौमूं के रेनवाल रोड पर एक खाली दुकान किराए पर लेकर दिल्ली से मिट्टी की डस्ट का ट्रक मंगवाया। ऊपरी हिस्से में कुछ क्वालिटी स्क्रैप रखकर व्यापारी को दिखाया और 38 लाख रुपए में सौदा कर लिया। व्यापारी ने जब माल को गुजरात ले जाकर चेक किया तो पता चला कि पूरा माल मिट्टी की डस्ट है। इसके बाद आरोपी अपने मोबाइल बंद करके फरार हो गए। पांच महीने की मेहनत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में एसआई जालम सिंह समेत पूरी टीम ने यह कार्रवाई की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *