मधुपुर में आम बगान में मिला व्यक्ति का शव:पेड़ से लटकी मिली लाश, हत्या की आशंका से जांच शुरू

देवघर के मधुपुर थाना क्षेत्र के पत्थरचप्टी मोहल्ला स्थित एक आम बगान में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मधुपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के मोहलीडीह गांव निवासी 40 वर्षीय सुरेश पासवान के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह आम बगान की ओर गए लोगों ने सबसे पहले शव को पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मधुपुर पुलिस को सूचित किया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि सुरेश पासवान की हत्या कर शव को आत्महत्या दिखाने के लिए पेड़ से लटकाया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गौर करते हुए जांच कर रही है और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मधुपुर थाना पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, मामले की गहन छानबीन जारी है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *