राज्य सरकार के देवस्थान विभाग की ओर से डूंगरपुर से स्पेशल ट्रेन गुरुवार को रवाना हुई। इसमें डूंगरपुर और बांसवाड़ा दोनों जिलों के 170 तीर्थयात्री रवाना हुए। इन तीर्थ यात्रियों के साथ डॉक्टर ओर नर्सिंगकर्मी भी साथ हैं। स्टेशन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का मुखौटा पहने 2 कलाकार कांधे पर कावड़ थामे खड़े थे। इसके माध्यम से राज्य सरकार श्रवण की तरह बेटा बनकर सभी बुजुर्गों को तीर्थयात्रा करवाने का संदेश दिया। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत सुबह से ही चयनित तीर्थ यात्री डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचना शुरू हो गए। सबसे पहले तीर्थयात्रियों के रजिस्ट्रेशन के लिए अलग अलग काउंटर लगाए गए थे। जहां उनकी एंट्री की गई। नगर परिषद सभापति अमृत कलासुआ, उपसभापति सुदर्शन जैन, देव स्थान विभाग के अधिकारियों की ओर से तीर्थ यात्रियों को फूल माला पहनाकर उन्हें यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। सभापति ने कहा कि सरकार के दो साल पूरे होने पर सरकार की ओर से कई गतिविधियां आयोजित की जा रही है। सरकार ने तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए भी कई तरह का ख्याल रखा है। इसके बाद फूलमालाओं से सजी ट्रेन में सभी तीर्थ यात्री सवार हुए। सभापति ओर अन्य अधिकारियों ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों के 170 चयनित तीर्थ यात्री कामाख्या देवी के दर्शन करेंगे। उनके साथ एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कार्मिक, एक डॉक्टर ओर 2 नर्सिंग स्टाफ साथ है।


