दतिया में कोतवाली थाना क्षेत्र में लाला तालाब के पास स्थित तीन प्राचीन मंदिरों में चोरी की घटना सामने आई है। चोर बुधवार देर रात मंदिरों से प्राचीन मूर्तियां और दानपात्र ले गए। चोरों ने मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, राम जानकी मंदिर और ब्रह्मचारी की कुटिया शिव मंदिर को निशाना बनाया। राम जानकी मंदिर से प्राचीन मूर्तियां चोरी हुई हैं, जबकि अन्य मंदिरों से दानपात्रों से नकदी चुराई गई। आज (गुरुवार) सुबह जब श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे, तो उन्हें चोरी का पता चला। मंदिर के पुजारी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दतिया में मंदिरों में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मंदिरों में दानपात्रों को निशाना बनाया जा चुका है। हालांकि, इस बार चोरों ने प्राचीन मूर्तियों को भी नहीं बख्शा है, जो चिंता का विषय है। थाना प्रभारी धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम है या नशे में किसी ने चोरी की है।


